गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा आज जलुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले उन्होंने कामरूप मेट्रो से विधानसभा कार्यालय तक लंबा रोड शो निकाला, जिसे उनके राजनीतिक प्रभाव और लोकप्रियता का प्रदर्शन माना जा रहा है।

भाजपा ने 88 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की

गुरुवार शाम भाजपा ने असम की 89 विधानसभा सीटों में से 88 के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। जलुकबारी से नामांकन कर रहे सरमा का नाम सूची में सबसे ऊपर था।

रोड शो में उमड़ी भारी भीड़

बारिश के बावजूद हजारों समर्थक सड़क पर जुटे, जिससे रोड शो महज एक जुलूस नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री की लोकप्रियता और भाजपा की मजबूत पकड़ का जीता-जागता प्रमाण बन गया। सुबह से ही खानापारा के वेटरनरी कॉलेज फील्ड पर लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। महिलाओं और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बीहू की धुनों पर नाचते समर्थकों ने माहौल को लगभग त्योहार जैसा बना दिया।

हिमंत बिस्वा सरमा ने जताई आभार

सरमा, जो 2001 से लगातार जलुकबारी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, पहले कांग्रेस से तीन बार विजयी हुए। 2015 में भाजपा में शामिल होने के बाद भी उन्होंने यह सीट लगातार पांचवीं बार अपने नाम की। X (पूर्व ट्विटर) पर उन्होंने लिखा,
"जलुकबारी के लोगों के आशीर्वाद से मैं नामांकन दाखिल करने जा रहा हूं। आपकी कृपा ही मेरी ताकत है।"

बारिश के बावजूद इतनी भारी भीड़ देखकर उन्होंने कहा, "यह असम की जनता का सच्चा प्यार है।"

चुनावी तैयारियां

असम में 9 अप्रैल को मतदान और 4 मई को नतीजे घोषित होंगे। इस रोड शो से यह साफ हो गया है कि भाजपा असम में अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।