कच्छ। गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार तड़के भूकंप के झटकों से लोग चौंक गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 दर्ज की गई।

जानकारी के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर महसूस किया गया। इसका केंद्र कच्छ जिले में 23.65 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.23 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की उत्पत्ति धरती की सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है।

प्रशासन की ओर से मिली प्रारंभिक सूचनाओं में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, सुबह-सुबह आए झटकों से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

गौरतलब है कि कच्छ जिला भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में आता है और इसे सिस्मिक जोन-5 में रखा गया है। यहां समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप दर्ज होते रहते हैं। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं।