प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी जनता के सामने ‘बुरी तरह बेनकाब’ हो गई है, क्योंकि वह लोगों से ऐसे वादे करती है, जिन्हें वह खुद जानती है कि पूरा नहीं कर पाएगी। मोदी की कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पलटवार किया है।
खरगे ने कहा था कि कांग्रेस शासित राज्य सरकारों को ऐसे वादे करने चाहिए, जो सही तरीके से बजट में शामिल हों और जिनके लिए पैसे की समस्या न आए। खरगे ने यह बयान तब दिया था, जब हाल ही में कुछ खबरों में बताया गया कि कांग्रेस शासित राज्यों को अपने चुनावी वादे पूरे करने में दिक्कतें आ रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस पार्टी जानती है कि झूठे वादे करना आसान है। लेकिन उन्हें सही तरीके से लागू करना बहुत कठिन या असंभव है। वे हर चुनाव में लोगों से वादे करते हैं, लेकिन भली-भांति जानते हैं कि उन्हें पूरा नहीं कर पाएंगे। अब वे लोगों के सामने बुरी तरह बेनकाब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे कांग्रेस शासित राज्यों में विकास और वित्तीय स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।