सहारनपुर जिले के अंबेहटा कस्बे में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया। चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा की बैटरी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई, जिससे वाहन में आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश में ई-रिक्शा चालक अजीम झुलस गया, जबकि रिक्शा और घर में रखा कुछ सामान जलकर राख हो गया।

चार्जिंग के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, अंबेहटा के मोहल्ला कोटला नई बस्ती निवासी अजीम लंबे समय से ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। रोज की तरह शुक्रवार रात उसने ई-रिक्शा को घर पर चार्जिंग पर लगाया था। शनिवार सुबह करीब छह बजे अचानक बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते ई-रिक्शा आग की चपेट में आ गया।

आग बुझाने में झुलसा चालक

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक अजीम भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनों ने तुरंत उसे नजदीकी चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

बड़ा हादसा टला

परिजनों के मुताबिक, अजीम रोजाना रात में काम से लौटकर ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगाता था और बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में लगभग छह घंटे लगते हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।