गाजियाबाद। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 31 साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलीम वास्तिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था और हाल ही में अपने यूट्यूब वीडियो और विवादित बयानों को लेकर चर्चा में आया था।
यह मामला वर्ष 1995 का है, जब पूर्वोत्तर दिल्ली के एक व्यापारी के 13 वर्षीय बेटे संदीप बंसल का अपहरण कर लिया गया था। इस घटना ने उस समय पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। जांच के बाद अदालत ने 1997 में सलीम खान और उसके साथी अनिल को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
हालांकि वर्ष 2000 में दिल्ली हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद सलीम फरार हो गया और उसके बाद अदालत में कभी पेश नहीं हुआ। लंबे समय तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हाल ही में तकनीकी जांच, पुराने रिकॉर्ड, फिंगरप्रिंट और तस्वीरों के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए उसे लोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी हाल के दिनों में यूट्यूब पर सक्रिय था और अपने चैनल के जरिए कई विवादित मुद्दों पर वीडियो साझा कर रहा था, जिससे वह फिर सुर्खियों में आ गया था।
इस गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी सफलता मान रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।