प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने यस बैंक से जुड़े कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई दिल्ली, मुंबई और खंडाला समेत कुल 17 स्थानों पर की गई।

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमों ने सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (SARCL), सुरक्षा रियल्टी लिमिटेड, ख्याति रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालयों और परिसरों के साथ-साथ इनके प्रमोटरों, निदेशकों, कर्मचारियों और यस बैंक के एक पूर्व कर्मचारी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली।

यह जांच वर्ष 2016-17 से 2017-18 के बीच मैकस्टार मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड और अन्य कंपनियों को दिए गए यस बैंक के ऋणों के कथित दुरुपयोग और फर्जी तरीके से किए गए लेनदेन से जुड़ी बताई जा रही है।

ईडी को संदेह है कि कुछ एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियों (ARC) और यस बैंक के बीच मिलीभगत के जरिए सर्कुलर ट्रांजैक्शन किए गए, जिनका इस्तेमाल संकटग्रस्त परिसंपत्तियों पर कथित रूप से अनुचित नियंत्रण हासिल करने के लिए किया गया।

इसके अलावा एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या नीलामी प्रक्रिया के दौरान संपत्तियों का जानबूझकर कम मूल्यांकन किया गया था या फिर फर्जी और बढ़ा-चढ़ाकर दावों के जरिए अवैध लाभ लेने की कोशिश की गई।

छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े सबूतों की जांच जारी है। ईडी की ओर से कहा गया है कि शुरुआती जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फिलहाल तलाशी अभियान अभी भी जारी है।