सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी क्षेत्र स्थित बेहड़ी गुर्जर गांव निवासी शहजाद ने अपने परिवार के साथ सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की है। धर्म परिवर्तन के बाद उन्होंने अपना नाम शंकर रख लिया है। मंगलवार को शंकर अपने परिवार के साथ मिरगपुर स्थित सिद्धपीठ श्री गुरु बाबा फकीरादास मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मिरगपुर में समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने परिवार का स्वागत किया। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। सिद्धकुटी के महंत गुरु कालू दास, आजाद सिंह और मनोहर दास ने परिवार को आशीर्वाद प्रदान किया और सनातन परंपराओं के अनुसार धार्मिक विधियां संपन्न कराईं।
शंकर ने बताया कि उनके पूर्वजों ने वर्षों पहले इस्लाम धर्म स्वीकार किया था, लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 21 मई को हरिद्वार स्थित ब्रह्मकुंड के आर्य समाज मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सनातन धर्म ग्रहण किया। उनका कहना है कि इस निर्णय के बाद परिवार स्वयं को संतुष्ट और प्रसन्न महसूस कर रहा है।
धर्म परिवर्तन के बाद परिवार के सदस्यों के नाम भी बदले गए हैं। शंकर की पत्नी रजिया अब सावित्री, पुत्र रिहान अब रूद्र, जबकि पुत्रियां मुस्कान और रोजी क्रमशः रुक्मिणी और दीक्षा के नाम से जानी जाएंगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। इस अवसर पर राजपाल सिंह, विकास चौधरी, मामचंद प्रधान, कुणाल चौधरी, पिरथी पहलवान, डॉ. विकल, इल्मू त्यागी, रूद्र मिश्रा और अक्षय सहित अन्य लोगों ने परिवार को शुभकामनाएं दीं।