गुजरात माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (GSEB) ने कक्षा 10वीं (SSC) का परिणाम 2026 घोषित कर दिया है। फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों छात्र अब अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट gseb.org पर जाकर देख सकते हैं।

इस साल रेगुलर, रिपीट और GSOS श्रेणी के छात्रों का प्रदर्शन अलग-अलग रहा है। कुल मिलाकर रेगुलर छात्रों का परिणाम इस बार बेहतर रहा है।

रेगुलर छात्रों का प्रदर्शन मजबूत
इस परीक्षा के लिए कुल 7,69,993 रेगुलर छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7,56,392 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 6,34,327 छात्र सफल घोषित किए गए, जिससे कुल परिणाम 83.86% रहा।

रिपीट श्रेणी में 70,934 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें 67,404 ने परीक्षा दी और 22,598 छात्र पास हुए। इस श्रेणी का परिणाम 33.53% दर्ज किया गया। वहीं GSOS के अंतर्गत 25,313 छात्रों में से 23,353 ने परीक्षा दी और 6,590 सफल हुए, जिनका पास प्रतिशत 28.22% रहा।

राज्यभर के केंद्रों का प्रदर्शन और विशेष आंकड़े
इस वर्ष परीक्षा राज्य के 1006 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। गांधीनगर जिले के अजोल सेंटर ने 100% परिणाम हासिल कर बेहतरीन प्रदर्शन किया, जबकि दाहोद जिले के मुंखोसला सेंटर का परिणाम 33.74% रहा।

परीक्षा के दौरान गड़बड़ी के 5 मामले सामने आए, जबकि सीसीटीवी जांच के आधार पर 233 छात्रों के मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई की गई।

इसके अलावा राज्य की विभिन्न जेलों—अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट और सूरत—में 61 बंदी छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 51 ने परीक्षा दी। दिव्यांग छात्रों के लिए अतिरिक्त समय और स्क्राइब की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे 4,449 दिव्यांग परीक्षार्थी शामिल हुए और 2,668 छात्र पात्र घोषित किए गए।

पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी
बोर्ड जल्द ही पुनर्मूल्यांकन के लिए आधिकारिक कार्यक्रम जारी करेगा। छात्र इसके बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। एक विषय के लिए शुल्क 100 रुपये और सभी विषयों के पुनर्मूल्यांकन के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है।