नई दिल्ली। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने परिचालन लागत में बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर कमजोर मांग को देखते हुए अपने नेटवर्क में अस्थायी बदलाव करने का फैसला किया है। कंपनी ने गुरुवार को घोषणा की कि छह अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर सेवाएं जुलाई 2026 से रोकी जाएंगी, जो फिलहाल 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगी।

मांग और लागत को बताया कारण

एयरलाइन के मुताबिक, आने वाली तिमाही में आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय यात्रा मांग कम रहती है, जबकि मौजूदा समय में परिचालन लागत काफी अधिक है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए उड़ान नेटवर्क को अस्थायी रूप से पुनर्गठित किया जा रहा है।

किन अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर रोक लगेगी

इंडिगो ने जिन रूट्स पर उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है, उनमें शामिल हैं—

  • हांगकांग
  • शंघाई
  • हो ची मिन्ह सिटी
  • क्राबी
  • लंगकावी

कंपनी ने कहा है कि इन रूट्स पर सेवाएं 1 अक्टूबर 2026 से दोबारा शुरू करने की योजना है, हालांकि बाजार परिस्थितियों में सुधार होने पर इससे पहले भी संचालन बहाल किया जा सकता है।

मुंबई–मैनचेस्टर फ्लाइट भी बंद

इससे पहले इंडिगो ने मुंबई से मैनचेस्टर के बीच चलने वाली नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान को 31 अगस्त 2026 से अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की घोषणा की थी। एयरलाइन ने इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर बढ़ते प्रतिबंधों और लंबी उड़ान अवधि के कारण बढ़ी परिचालन लागत को वजह बताया था।

ड्रीमलाइनर विमान की वापसी

इंडिगो ने यह भी जानकारी दी कि वह नॉर्स अटलांटिक एयरवेज से वेट/डैम्प लीज पर लिए गए छह बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर में से एक विमान वापस करेगी। कंपनी ने इन विमानों को यूरोपीय विस्तार योजना के तहत शामिल किया था।

बदलते हालात में नेटवर्क संतुलन पर फोकस

एयरलाइन का कहना है कि यह कदम मौजूदा बाजार स्थितियों के अनुसार क्षमता को संतुलित करने और परिचालन स्थिरता बनाए रखने के लिए उठाया गया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य नेटवर्क की विश्वसनीयता और सेवाओं की गुणवत्ता को बनाए रखना है।