दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली विश्वविद्यालय की एक सहायक प्रोफेसर का शव उनके फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बहन ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस के अनुसार, न्यू अशोक नगर थाने को दोपहर करीब 2:35 बजे एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल करने वाली महिला ने बताया कि उनकी बहन से संपर्क नहीं हो पा रहा है और संभवतः उनके साथ कोई अनहोनी हुई है।

कॉल करने वाली महिला की पहचान देवराती पॉल (49) के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बहन देवोस्मिता पॉल, जो शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं, वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट में अकेले रहती थीं।

फ्लैट का दरवाजा तोड़कर मिला शव

परिजनों के मुताबिक, सुबह से ही फ्लैट अंदर से बंद था और देवोस्मिता लगातार फोन कॉल का जवाब नहीं दे रही थीं। आशंका बढ़ने पर देवराती पॉल ने फ्लैट का ताला तोड़ा, जिसके बाद अंदर देवोस्मिता को मृत अवस्था में पाया गया।

इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। साथ ही कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया है।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई विशेष टीमों का गठन किया है जो हर एंगल से जांच कर रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने के लिए सभी संभावित सुरागों पर काम किया जा रहा है और आरोपी की तलाश जारी है।