पलक्कड़ (केरल)। केरल विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पलक्कड़ पहुंचे और यहां आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री पारंपरिक केरल मुंडू (धोती) में दिखाई दिए, जिससे उनका स्वागत और भी खास बना।
जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने केरल के प्रसिद्ध वाद्य यंत्र 'चेंडा' (ड्रम) पर हाथ आजमाया और बड़े उत्साह के साथ इसे बजाया। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार केरल में बदलाव का माहौल स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है और राज्य की जनता भाजपा और एनडीए पर भरोसा जता रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "एनडीए की लोकप्रियता बढ़ रही है और पलक्कड़ का यह उत्साह अब एक आंदोलन का रूप ले चुका है। केरल के युवा, महिलाएं और किसान अब भाजपा की नीतियों पर भरोसा कर रहे हैं।" उन्होंने केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष को भी सराहा और उन सभी को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने राजनीतिक हिंसा के दौरान अपने प्राण गंवाए।
पीएम मोदी ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता की भी तारीफ की और कहा कि पलक्कड़ आते ही यह स्पष्ट हो जाता है कि केरल को 'सुंदरतम' क्यों कहा जाता है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने एलडीएफ और यूडीएफ को 'भ्रष्ट' और 'महाभ्रष्ट' करार दिया। उन्होंने कहा कि ये दोनों गठबंधन केवल वोटबैंक की राजनीति करते रहे हैं और विकास के मुद्दों की कोई परवाह नहीं है। पीएम ने चेताया कि ये दल भाजपा की ताकत से डरते हैं क्योंकि सत्ता में आने पर उनके भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होगा।
उन्होंने जनता को आगाह किया कि केरल में ये पार्टियां आपस में लड़ती दिखती हैं, लेकिन अन्य राज्यों में एक साथ गठबंधन बनाकर राजनीति कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने जनता से आग्रह किया कि वे इस बार भाजपा और एनडीए को पूर्ण समर्थन दें और राज्य में बदलाव सुनिश्चित करें।