कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार तड़के बैंकॉक के लिए रवाना होने वाली थाई लायन एयर की एक फ्लाइट को तकनीकी गड़बड़ी के कारण उड़ान से पहले ही वापस लौटा लिया गया। फ्लाइट में 130 यात्री और सात क्रू सदस्य सवार थे।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान में तकनीकी समस्या आने के बाद उसे तुरंत पार्किंग स्टैंड पर लाकर खड़ा कर दिया गया। इस कारण पूरी उड़ान को दिनभर के लिए रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
फ्लैप में आई खराबी
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि यह उड़ान एक बोइंग 737 नई पीढ़ी का विमान था, जो शुक्रवार रात 1:35 बजे कोलकाता पहुंचा था और शनिवार तड़के 2:35 बजे बैंकॉक के डॉन मुआंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाला था। लेकिन फ्लैप सिस्टम में खराबी सामने आने पर टेकऑफ से पहले ही विमान को लौटाया गया।
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, फ्लैप उड़ान के दौरान टेकऑफ और लैंडिंग में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान रद्द करना जरूरी समझा गया।
यात्रियों में नाराजगी
फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी देखी गई। कुछ लोगों ने एयरलाइन स्टाफ पर नाराज़गी जताई। हालांकि, एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और तकनीकी खामी के चलते उड़ान को स्थगित करना आवश्यक था।