कोलकाता। पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम अचानक ढह गया। ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा करीब 12 बजे हुआ जब निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। उस समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे, जिसके चलते मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
चार मजदूर सुरक्षित निकाले गए
अब तक राहत एवं बचाव दल ने चार लोगों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया है। हालांकि, आशंका है कि अभी भी कई लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन समूह (DMG), सिविल डिफेंस और दमकल विभाग की टीमें पहुंच गईं। बचाव कार्य में सेना के जवान भी सहयोग कर रहे हैं। मलबा हटाने के लिए क्रेन और भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रशासन की ओर से राहत कार्य के समन्वय के लिए राज्य सचिवालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070, 033-22143526 और 033-22535185 जारी किए गए हैं।