सोनीपत। सदर थाना क्षेत्र के बड़ौली गांव में दो महीने पहले हुए पारिवारिक विवाद में घायल हुए युवक शेखर की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक पिछले करीब दो माह से रोहतक पीजीआई में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था।
शेखर की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ताऊ के परिवार से हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, अप्रैल माह में शेखर का अपने ताऊ के परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला हो गया।
इस झड़प में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे तुरंत पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में घटना के बाद गहरा आक्रोश है। उनका आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती दौर से ही मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में ढिलाई बरती।
स्थिति को देखते हुए गांव में तनाव को काबू में रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की निगरानी की जा रही है।