प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम के तहत नमो ऐप के जरिए असम के भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं के अनुभव और सुझाव सुने, साथ ही आगामी चुनावों को लेकर उन्हें सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने असम में बीते वर्षों में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ने एक दशक में काफी बदलाव देखा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सबसे जरूरी चीज शांति और स्थिरता होती है, जो अब असम में पहले की तुलना में बेहतर स्थिति में है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक जरूर पहुंचें और उन्हें पिछली सरकारों के दौर की स्थिति से अवगत कराएं। उन्होंने आगाह किया कि एक छोटी सी चूक राज्य की प्रगति को प्रभावित कर सकती है।
इसके साथ ही उन्होंने भाजपा और एनडीए की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। पीएम ने यह भी कहा कि असम में पार्टी का आधार मजबूत है, लेकिन इसे और मजबूत बनाने के लिए हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है।