फ्लोरिडा, पाम बीच। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में रविवार को गंभीर चूक देखने को मिली, जब एक नागरिक विमान ने एयर फोर्स वन के आसपास उड़ान प्रतिबंध का उल्लंघन किया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत एफ-16 लड़ाकू विमानों को तैनात किया और खतरे का आभास होने पर फ्लेयर्स का इस्तेमाल किया गया।

घटना 29 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1.15 बजे पाम बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (NORAD) के अनुसार, नागरिक विमान ने अस्थायी उड़ान प्रतिबंध को नजरअंदाज किया और इस दौरान एयर फोर्स वन के क्षेत्र में प्रवेश कर लिया। तुरंत ही लड़ाकू विमानों ने उसे रोका और दिशा निर्देश देने के लिए फ्लेयर्स का इस्तेमाल किया। नागरिक विमान को सुरक्षित तरीके से प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर निकाला गया।

व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि विमान कुछ समय के लिए हवाई नियंत्रण टावर से संपर्क से बाहर था, लेकिन अंततः संपर्क स्थापित हो गया और विमान की लैंडिंग को नियंत्रित किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप या एयर फोर्स वन को किसी भी तरह का खतरा नहीं था और घटना में कोई ड्रोन घुसपैठ शामिल नहीं थी।

सुरक्षा अधिकारियों ने नागरिक विमानों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोका और पायलटों को चेतावनी दी। हालांकि, राष्ट्रपति और उनका विमान पूरी तरह सुरक्षित रहे।