राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर की गर्मी के बीच तेज हवाएं चलीं और इसके बाद कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन धूल भरी आंधी और बारिश के कारण कुछ जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
पहले ही जारी किया गया था अलर्ट
मौसम विभाग ने पहले ही संकेत दिए थे कि 30 मार्च को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। विभाग के अनुसार 31 मार्च को भी आसमान में बादल बने रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 1 अप्रैल को बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी और तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं 2 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जब अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। 3 अप्रैल को एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जब हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
मार्च में बदला-बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मार्च में देखने को मिल रहा यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से जुड़ा है, जो उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार ये सिस्टम सामान्य से कम ऊंचाई पर सक्रिय हैं, जिससे इनका असर अधिक महसूस किया जा रहा है। इसी कारण दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं, हल्की बारिश और धूल भरी आंधी जैसी स्थितियां बन रही हैं। हालांकि, इन मौसमी गतिविधियों का तापमान पर बहुत बड़ा असर पड़ने की संभावना फिलहाल नहीं है।