नई दिल्ली। आगामी राज्यसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने बिहार, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से कुल नौ उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। इनमें कई ऐसे नेता शामिल हैं, जिनकी पार्टी संगठन में मजबूत पकड़ है और जिनका क्षेत्रीय स्तर पर प्रभाव भी है।
राज्यसभा में कुल 37 सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से पार्टी ने बिहार से अपने दो प्रमुख नेताओं को उम्मीदवार बनाया है। बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार को टिकट दिया गया है। नितिन नवीन वर्तमान में बीजेपी अध्यक्ष हैं और बिहार में उनका व्यापक जनाधार है। वे पटना के बांकीपुर क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके हैं। वहीं शिवेश कुमार पार्टी के युवा और सक्रिय चेहरों में शामिल हैं। बिहार में कुल पांच सीटें खाली हैं।
असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को उम्मीदवार बनाया गया है। दोनों नेता असम में पार्टी के महत्वपूर्ण कामकाज में शामिल रहे हैं और राज्य में बीजेपी की स्थिति को मजबूत करने की दिशा में योगदान दे रहे हैं। असम में कुल तीन सीटें खाली हैं।
पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा और ओडिशा से मनमोहन समल व सुजीत कुमार को टिकट दिया गया है। राहुल सिन्हा राज्य में पार्टी के सक्रिय नेताओं में से एक हैं और संगठन में उनकी पकड़ मजबूत है। ओडिशा में मनमोहन समल वरिष्ठ नेता माने जाते हैं जबकि सुजीत कुमार भी पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। वे महिला मोर्चा में सक्रिय रही हैं और सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती हैं। छत्तीसगढ़ में दो सीटें खाली हैं और पार्टी की सरकार होने से जीत की संभावना अधिक मानी जा रही है।
हरियाणा से संजय भाटिया को राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट मिला है। प्रशासनिक पृष्ठभूमि वाले भाटिया पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। हरियाणा में भी दो सीटें खाली हैं।