परवूर (केरल): केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) उम्मीदवार वत्सला प्रसन्ना कुमारी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज “गॉड्स ओन कंट्री” यानी ईश्वर की अपनी भूमि कहे जाने वाले केरल में, भगवान भी सुरक्षित नहीं हैं।

एलडीएफ पर आरोप, भगवान अयप्पा के साथ छल

राजनाथ सिंह ने एलडीएफ पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह जुडास ने चांदी के लिए ईसा मसीह को धोखा दिया, उसी तरह सत्ताधारी एलडीएफ ने सोने के लिए भगवान अयप्पा के साथ छल किया है। उन्होंने सबरीमाला मंदिर में कथित सोने की चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता की आस्था और गाढ़ी कमाई को लूटने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है।

सबरीमाला मामले की जांच सीबीआई से

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता भी आरोपियों के समर्थन में खड़े हैं। उन्होंने घोषणा की कि सबरीमाला मामले की जांच सीबीआई से कराई जाएगी। राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों को लेकर कहा कि भले ही एलडीएफ और यूडीएफ आमने-सामने लड़ते दिखें, लेकिन असल में दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उनके झंडे अलग हो सकते हैं, लेकिन सोच और नीयत समान है।

भाजपा ही रख सकती है राज्य की सुरक्षा और संस्कृति

चुनावी मंच से उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एसडीपीआई और जमात-ए-इस्लामी जैसे कट्टरपंथी संगठनों से केरल की रक्षा कौन करेगा? उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा ही राज्य की सुरक्षा और संस्कृति को अक्षुण्ण रख सकती है।

परवूर सीट पर मुकाबला कड़ा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन और एलडीएफ के ईटी टाइसन मास्टर मैदान में हैं। राजनाथ सिंह के इस दौरे ने केरल की सियासत का पारा और बढ़ा दिया है।