नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र में प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) पर चर्चा से पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देश की महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठाने के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देश की माताओं और बहनों का सम्मान ही भारत की असली ताकत है। इसी भावना के साथ सरकार महिलाओं को अधिक अधिकार और अवसर देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने लगभग एक मिनट का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें एक संस्कृत श्लोक और उसका अर्थ बताया गया है। श्लोक के माध्यम से नारी को ज्ञान और प्रकाश का स्रोत बताया गया है, जो अपने ज्ञान के प्रकाश से अज्ञान के अंधकार को दूर कर पूरी दुनिया को आलोकित करती है।
वीडियो के संदेश में कहा गया है कि समृद्धि और सद्गुणों की कामना करने वाले लोग हमेशा नारी का सम्मान करते हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी लिखा कि महिलाएं अपनी तेजस्वी ऊर्जा से दुनिया को रोशन करती हैं और समाज के पालन-पोषण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।