पश्चिम एशिया में अमेरिका और इस्राइल की ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय हालात तेजी से बदल रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार दोपहर खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख नेताओं से फोन पर बातचीत की।

प्रधानमंत्री ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक और कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-अहम अल-मुबारक अल-सबाह से अलग-अलग बातचीत में, उनके देशों में हो रहे घटनाक्रम पर अपनी चिंता व्यक्त की। बातचीत में उन देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को भी मुख्य विषय बनाया गया।

इससे पहले, सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय से भी फोन पर चर्चा की। इस दौरान क्षेत्रीय तनाव, शांति, सुरक्षा और जॉर्डन की जनता के कल्याण के मुद्दों पर बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने बातचीत के बाद एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उन्होंने जॉर्डन में भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर भी ध्यान देने के लिए किंग अब्दुल्ला का धन्यवाद किया।

साथ ही, सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के किंग और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से भी संपर्क किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इन कॉल में उन्होंने ईरान और इस्राइल के बीच टकराव समेत अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।