राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं त्रिपुरा

अगरतला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को त्रिपुरा की दो दिवसीय यात्रा पर अगरतला पहुंचीं। अगरतला के एमबीबी हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने राज्य के न्यायिक अकादमी का उद्घाटन किया और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इसके बाद दुर्गाबाड़ी चाय बागान जाकर चाय श्रमिकों के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया।

बुधवार सुबह राष्ट्रपति की अगवानी करने के लिए हवाई अड्डे पर त्रिपुरा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य, मुख्यमंत्री डॉ. मानिक साहा, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक, मुख्य सचिव और त्रिपुरा पुलिस महानिदेशक मौजूद थे। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। परेड कमांडर उनाकोटी जिला की पुलिस अधीक्षक कांता जांगीर थीं। गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए त्रिपुरा पुलिस और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स की महिला कांस्टेबल भी मौजूद थीं।

हवाई अड्डे से निकलते हुए राष्ट्रपति सीधे नरसिंहगढ़ में न्यायिक अकादमी के उद्घाटन समारोह में शामिल हुईं। त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश व अन्य न्यायाधीशों तथा मुख्यमंत्री एवं कानून मंत्री ने वहां उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति ने त्रिपुरा राज्य न्यायिक अकादमी का उद्घाटन किया और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।

समारोह के बाद राष्ट्रपति बामुटिया के दुर्गाबाड़ी चाय बागान पहुंची। वहां पर उन्होंने 20 महिला चाय श्रमिकों के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया। राष्ट्रपति ने पूछा कि उन्हें सरकारी सुविधाएं कैसे मिल रही हैं। वह त्रिपुरा सरकार की ‘मुख्यमंत्री चाय श्रमिक कल्याण योजना’ से अवगत हैं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत सुविधाएं पाकर कितने खुश हैं। विचारों के आदान-प्रदान के बाद राष्ट्रपति ने सभी के साथ खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाईं और कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे कलाकारों से बात की। राष्ट्रपति उनकी भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकर बहुत खुश हुईं। इस दौरान मुख्यमंत्री, बामुटिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक कृष्णधन दास, त्रिपुरा चाय विकास निगम के अध्यक्ष संतोष साहा भी मौजूद थे।

राष्ट्रपति वहां से निकलकर सीधे राजभवन गईं। दोपहर 3.30 बजे वे कैपिटल कॉम्प्लेक्स में नवनिर्मित विधायक आवास का उद्घाटन किया। इसके अलावा रवींद्र शताब्दी भवन में एक वर्चुअल समारोह में सात परियोजनाओं की आधारशिला रखने का भी कार्यक्रम है। शाम को वे अगरतला नगर निगम द्वारा आयोजित नागरिक स्वागत समारोह में शामिल होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here