नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि लद्दाख के युवाओं ने उन्हें बताया है कि उनके क्षेत्र को धीरे-धीरे “पुलिस प्रशासन वाले क्षेत्र” में बदल दिया गया है, जहां उनकी आवाज को दबाया जा रहा है और लोकतांत्रिक अधिकारों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र की जमीन और नाजुक पर्यावरण को कुछ बड़े उद्योगपतियों के हितों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
विकास को लेकर स्थानीय लोगों की राय
राहुल गांधी ने कहा कि लद्दाख के लोग विकास के विरोध में नहीं हैं, बल्कि वे रोजगार और उद्योग चाहते हैं। हालांकि उनका मानना है कि ऐसा विकास होना चाहिए जो स्थानीय जनता को सीधा लाभ पहुंचाए और उनकी आजीविका को मजबूत करे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अपने आगामी दौरे के दौरान गृह मंत्री जमीनी हकीकत को समझेंगे और स्थानीय लोगों की चिंताओं पर ध्यान देंगे।