अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए तृप्ता कुमारी ठाकुर को प्रदेश महिला कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के तहत लिया गया, जो तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।
तृप्ता ठाकुर फिलहाल अखिल भारतीय महिला कांग्रेस में राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी निभा रही थीं। अब उन्हें अतिरिक्त रूप से हिमाचल प्रदेश इकाई की कमान सौंपी गई है। पार्टी की ओर से जारी निर्देश में साफ किया गया है कि यह नियुक्ति नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होने तक प्रभावी रहेगी।
बिलासपुर जिले के सदर तहसील स्थित बरोग गांव की रहने वाली तृप्ता ठाकुर लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। उनकी कार्यशैली और अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।