नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम दिल्ली में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में फूड डिलीवरी एजेंट की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूटर सवार युवक को एक कार ने टक्कर मार दी, जिसके बाद वह डाबड़ी फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

सुबह 7:35 बजे मिली सूचना

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 7:35 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि पंखा रोड स्थित डाबड़ी फ्लाईओवर से एक व्यक्ति नीचे गिर गया है और उसे तुरंत मदद की जरूरत है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

फ्लाईओवर पर पहुंचने पर पुलिस को एक क्षतिग्रस्त स्कूटर और एक कार मिली। घायल अवस्था में पड़े स्कूटर सवार को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान

पुलिस ने मृतक की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले निवासी राजकुमार के रूप में की है। वह दिल्ली में एक निजी फूड डिलीवरी कंपनी के लिए डिलीवरी एजेंट के तौर पर काम करता था।

वाहन और जांच

पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल कार दिल्ली नंबर की है और यह डाबड़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।