लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा पायलट की सतर्कता से टल गया। रायपुर जाने वाली फ्लाइट रनवे पर टेकऑफ की रफ्तार पकड़ चुकी थी, तभी अचानक सामने एक बंदर आ गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को नियंत्रित करते हुए रोक लिया।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E 6521 सुबह करीब 8:55 बजे लखनऊ से रायपुर के लिए उड़ान भरने वाली थी। विमान में लगभग 120 से अधिक यात्री सवार थे। जैसे ही विमान ने रनवे पर गति पकड़ी, पायलट ने रनवे पर मौजूद बंदर को देख लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूत्रों का कहना है कि यदि समय रहते विमान नहीं रोका जाता, तो इंजन में खतरा पैदा हो सकता था और गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित रोक लिया गया और उसे वापस टैक्सीवे पर लाया गया।

घटना के बाद विमान की जांच की गई और लगभग एक घंटे की देरी के बाद इसे रायपुर के लिए रवाना किया गया।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) को भेज दी है, जो अब पूरे मामले की जांच करेगा।

इस घटना ने एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर रनवे तक जंगली जानवर कैसे पहुंच गया।