उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी का कहर, 12 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी

देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में पड़ रही लू ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर मध्य प्रदेश तक कुल आठ राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत समूचा उत्तर भारत लू के थपेड़ों से झुलस रहा है। दिन में तेज धूप के बाद रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है, जबकि लगातार बढ़ रही उमस से स्थिति और विकट हो गई है।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, उमस और गर्म हवाओं के कारण यह तापमान शरीर को 51-52 डिग्री जैसा महसूस हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जून तक के लिए तीव्र गर्मी और लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में तापमान के 45 डिग्री को पार करने की आशंका है। राजस्थान के कई जिलों में पारा पहले ही इस सीमा को लांघ चुका है।

सुबह से ही झुलसाने वाली गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के मैदानी क्षेत्रों, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान में 12 से 13 जून तक लू चलने की आशंका है। दिल्ली में सोमवार सुबह का तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस था, जो दोपहर तक बढ़कर 44 डिग्री तक पहुंच गया। हीट इंडेक्स 51-52 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जिससे गर्मी की तीव्रता और बढ़ गई। अगले कुछ दिनों तक सतही हवाएं चलने के साथ-साथ धूलभरी आंधियों की संभावना भी जताई गई है। राजधानी की वायु गुणवत्ता भी बिगड़कर ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है, जिसका सूचकांक 219 दर्ज किया गया।

रात में भी नहीं मिल रही राहत

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 10 और 11 जून को पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, दिल्ली और राजस्थान में रात के समय भी भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। बिहार, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी के साथ उमस भी बनी रहेगी। इसी तरह तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी मौसम गर्म और चिपचिपा रहने की संभावना है।

सिक्किम में भूस्खलन के बाद मिला जवान का शव

उत्तर सिक्किम के मंगन जिले में 1 जून को हुए भूस्खलन के बाद से लापता छह में से एक सैन्यकर्मी का शव बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान सैनुद्दीन पीके के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शेष पांच जवानों की तलाश अभी जारी है। इस दुर्घटना में तीन जवानों की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे।

यूपी के कई जिलों में अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लगभग 16 जिलों के लिए मौसम विभाग ने लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि बुंदेलखंड और आगरा मंडल के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। सोमवार को प्रदेश के 22 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

क्या होता है हीट इंडेक्स?

हीट इंडेक्स एक ऐसा मापदंड है जो तापमान और आर्द्रता को मिलाकर यह दर्शाता है कि बाहर की गर्मी मानव शरीर को किस स्तर पर प्रभावित कर रही है। यह शरीर द्वारा महसूस किए जाने वाले वास्तविक तापमान का अनुमान प्रदान करता है, जो आम तापमान से अधिक गंभीर हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here