सहारनपुर: सीडकी-झबरेड़ा मार्ग पर नागल क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव बोहडुपुर के पास काली नदी पर बन रहे पुल के समीप बजरी से लदा ट्रक अचानक पलटकर वहां सो रहे मजदूरों के टेंट पर जा गिरा। हादसे के समय मजदूर टेंट में आराम कर रहे थे, जिससे पांच लोग बजरी के नीचे दब गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद बजरी हटाई और सभी मजदूरों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन मजदूरों—असगर, इस्तखार और शौकीन (निवासी जाटोवाला, थाना मिर्जापुर) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य मजदूर गुलफाम (जाटोवाला) और कर्मवीर (असगरपुर) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार पुल पर करीब डेढ़ महीने से निर्माण कार्य चल रहा है। रात के समय ट्रक चालक को वैकल्पिक मार्ग से गुजरना था, लेकिन वह सीधे निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गया, जिससे यह दुर्घटना हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले ही करीब 15 मजदूर छुट्टी पर अपने घर चले गए थे। यदि वे भी टेंट में मौजूद होते तो हादसे में और अधिक लोगों की जान जा सकती थी।

इस संबंध में सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया कि ट्रक खेड़ा मुगल क्षेत्र की ओर बजरी लेकर जा रहा था। फिलहाल चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।