केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विमान में शनिवार को अचानक तकनीकी खराबी आ गई। यह घटना उस समय हुई जब वे दो दिवसीय मुंबई दौरे के बाद गुजरात के लिए रवाना होने वाले थे। तकनीकी खामी की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने तुरंत कदम उठाया और अपना विमान शाह और उनके परिवार को उपलब्ध कराया। इसके बाद अमित शाह शिंदे के विमान से गुजरात के लिए रवाना हो गए।

इससे पहले शाह ने गणेश उत्सव के कार्यक्रम में भाग लिया। वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास गए और अपने परिवार के साथ लालबागचा राजा गणपति के दर्शन किए। इसके अलावा उन्होंने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और राज्य के बीजेपी नेताओं के साथ बैठक भी की।

https://twitter.com/AmitShah/status/1961762099430142232

अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे से सह्याद्री गेस्ट हाउस में मुलाकात की। इस दौरान सूत्रों के अनुसार आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव, बिहार विधानसभा चुनाव और संगठनात्मक मामलों पर चर्चा हुई। वहीं, शाह ने मराठा आरक्षण आंदोलन की जानकारी भी मुख्यमंत्री फडणवीस और मंत्री आशीष शेलार से ली।