भारत-पाकिस्तान सीमा पर हाल ही में तनाव के बाद अब देश के दूसरे बॉर्डर पर भी खतरनाक हालात बन गए हैं। अरुणाचल प्रदेश में भारत और म्यांमार की सीमा पर असामान्य गतिविधि के चलते सुरक्षा बल सतर्क हो गए हैं और उन्होंने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले के पोंगचौ सर्कल में संदिग्ध कैडरों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद गुरुवार (5 जून, 2025) को सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती इलाकों में गश्त तेज कर दी। घने जंगलों में अज्ञात व्यक्तियों की हलचल देख सुरक्षा बलों ने उन्हें चुनौती दी। जवाब में कैडरों ने भारी गोलाबारी की, जिस पर सुरक्षाबलों ने भी जबरदस्त जवाबी कार्रवाई की।
गोलीबारी के दौरान कई संदिग्ध म्यांमार की तरफ भागने में सफल रहे, जबकि सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की पूरी तलाशी ली। घने जंगलों का फायदा उठाकर वे सीमा पार कर गए।
मणिपुर में भी हुआ बड़ा ऑपरेशन
इससे पहले, 14 मई को मणिपुर के चंदेल जिले में असम राइफल्स और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 10 संदिग्ध मारे गए थे। चंदेल म्यांमार की सीमा से सटा हुआ है। उस घटना के बाद से भारत-म्यांमार सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, म्यांमार सीमा के निकट न्यू समताल गांव में असम राइफल्स की गश्ती पार्टी पर संदिग्धों ने अचानक गोलीबारी की थी। सुरक्षाबलों ने संगठित और सटीक कार्रवाई करते हुए 10 आतंकवादियों को ढेर कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मारे गए लोग सीमा पार विद्रोही गतिविधियों में शामिल थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर
रक्षा विभाग ने बताया कि भारत-म्यांमार सीमा पर स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बल, खुफिया एजेंसियां और नागरिक प्रशासन मिलकर क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए निरंतर संपर्क में हैं। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड और मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्य म्यांमार से सटे हुए हैं, इसलिए सीमावर्ती सुरक्षा को बढ़ावा दिया गया है।