श्रीनगर: शहर के बटमालू के छत्ताबल क्षेत्र में बाग-ए-यास इलाके में वीरवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग एक घर से शुरू होकर तीन अन्य घरों और वहां रखे एलपीजी गैस सिलिंडरों में विस्फोट होने के बाद तेजी से फैल गई और कुल 10 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।

आग से प्रभावित लोग सड़क पर जले सामान के साथ बैठे दिखाई दिए। उनका आशियाना जलने का दुख उनके बहते आंसुओं में झलक रहा था। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 6:31 बजे आग लगने की सूचना स्टेट फायर कंट्रोल रूम को मिली। एक मिनट के भीतर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज सफाकदल से पहली दमकल भेजी गई। भीड़भाड़ और आग की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यालय सैयद हमीद पोरा, महाराज गंज और बाबडेम्ब से अतिरिक्त दमकलें भी मौके पर भेजी गईं।

फायर ब्रिगेड के अनुसार शुरुआत में 3-4 घर आग की चपेट में आए। इसके बाद 2-3 एलपीजी सिलिंडर फटने से स्थिति और बिगड़ गई और लकड़ी के जुड़े घरों में आग तेजी से फैल गई।

एडीजीपी फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज आलोक कुमार ने आगजनी के मद्देनजर आग से जुड़े बिजली उपकरणों को बिना निगरानी न छोड़ने की चेतावनी दी।

घटना के बाद लोग अपना जला हुआ सामान समेटते दिखाई दिए। कुछ काले पड़े बर्तन उठाते थे तो कुछ जले कपड़े और जूते। जले घर के बाहर बैठी महिलाओं की आंखों में आंसू थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने जिन घरों को जीवनभर मेहनत करके बनाया, वे कुछ ही पलों में राख हो गए।

इसी दिन मखदूम साहिब के शेख मोहल्ला में भी एक घर में आग लगी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज ने मौके पर दो दमकल गाड़ियां भेजकर आग पर काबू पाया।