कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद निर्माण की योजना का ऐलान किया है। उनके अनुसार, मस्जिद का निर्माण फरवरी 2026 से शुरू होगा और इसे तीन साल में पूरा कर लिया जाएगा। हुमायूं ने कहा कि यह मस्जिद अयोध्या से अलग होगी और किसी को इसे छूने का अधिकार नहीं है।

हुमायूं कबीर ने बताया कि मस्जिद का नाम ‘बाबरी’ इसलिए रखा गया है ताकि लोगों के दिलों में आज भी मौजूद दर्द को ध्यान में रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए समर्थकों और दानदाताओं से अब तक 20 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाई जा चुकी है, जो पूरी तरह से मस्जिद निर्माण पर खर्च की जाएगी।

विधायक ने यह भी कहा कि मस्जिद में हर हफ्ते शुक्रवार की नमाज होगी और लाखों ईंटें पहले ही इकट्ठी की जा चुकी हैं। उन्होंने धार्मिक भावनाओं की समानता पर जोर देते हुए कहा, “अगर चुनाव के दौरान ‘जय श्रीराम’ कहना सही है, तो ‘अल्लाह हू अकबर’ कहना भी सही है।”

उल्लेखनीय है कि हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को टीएमसी से निलंबन के बाद, बांग्लादेश सीमा से लगे बेलडांगा क्षेत्र में बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी।