अहमदाबाद। गुजरात दौरे पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नीतिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा कांग्रेस अपने मूल स्वरूप से भटक चुकी है और अब वह “इटालियन कांग्रेस” बन गई है। उनके अनुसार, पार्टी नकारात्मक राजनीति कर देश की छवि को नुकसान पहुंचा रही है।

अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां स्पष्ट हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती रही है, जबकि भाजपा विकास और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को प्राथमिकता देती है।

नीतिन नवीन ने कहा कि भाजपा कठिन फैसले लेने से पीछे नहीं हटती, क्योंकि उसका उद्देश्य जनहित और राष्ट्रहित है। उन्होंने दावा किया कि जब-जब भाजपा सत्ता में आती है, देश अधिक सशक्त बनता है।

इससे पहले गांधीनगर स्थित GIFT City में आयोजित ‘यंग वॉइस समिट’ में उन्होंने स्टार्टअप फाउंडर्स और युवा उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि गुजरात नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में देश को दिशा दे रहा है। कभी जिस गिफ्ट सिटी की आलोचना होती थी, वह आज आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुकी है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भाजपा परिवारवाद पर नहीं, बल्कि विचारधारा पर आधारित संगठन है। उनके मुताबिक, पार्टी का कार्यकर्ता स्वयं से ऊपर दल और दल से ऊपर राष्ट्र को रखता है। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत बताते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है।

समारोह में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।