केंद्र सरकार ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद काकोली घोष दस्तीदार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की ‘Y’ श्रेणी की सशस्त्र सुरक्षा प्रदान की है। अधिकारियों के अनुसार यह सुरक्षा व्यवस्था 19 मई से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब तृणमूल कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक स्तर पर कई अहम बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने हाल ही में संसदीय दल के ढांचे में फेरबदल करते हुए लोकसभा में नए चीफ व्हिप की नियुक्ति की है।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में हुई टीएमसी सांसदों की बैठक में वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी को लोकसभा में पार्टी का नया चीफ व्हिप नियुक्त किया गया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी काकोली घोष दस्तीदार की जगह संभाली है।

संसद में रणनीतिक बदलाव पर फोकस

टीएमसी इस समय संसद में अपनी रणनीति और समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। पार्टी के भीतर किए गए इन बदलावों को संगठनात्मक मजबूती की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कल्याण बनर्जी की वापसी को पार्टी नेतृत्व के भरोसे और उनके अनुभव के आधार पर लिया गया फैसला माना जा रहा है। वे पहले भी लोकसभा में पार्टी के चीफ व्हिप की भूमिका निभा चुके हैं, हालांकि बाद में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था। अब एक बार फिर उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।