उत्तराखंड के चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भर रहे ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के एक हेलिकॉप्टर को तकनीकी दिक्कत आने पर सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह यात्री सवार थे और सभी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह हेलिकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून की ओर जा रहा था। उड़ान के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से हेलिकॉप्टर के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई।

मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पूरे क्षेत्र में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

सभी यात्री सुरक्षित, जांच जारी

प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई है कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के कारणों की विस्तृत जांच तकनीकी विशेषज्ञों और एविएशन एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को साझा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आकलन में तेज हवाओं को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।