धमतरी जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात एक प्रधान आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे 19-20 मई की रात गश्त पर निकले थे। दोनों बाइक से सिहावा चौक की ओर जा रहे थे, तभी करीब 3:30 बजे संजय आर्ट्स के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटा वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को रायपुर रेफर किया गया

घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मसीही अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।

चालक गिरफ्तार, जांच जारी

सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।