कोलकाता। बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा हत्या के बाद देशभर में उठे आक्रोश के बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय के हालिया बयान ने राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है। राय ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर न केवल बंगाल, बल्कि पड़ोसी बांग्लादेश के लोग भी भरोसा करते हैं।

सौगत राय के मुताबिक, ममता बनर्जी राज्य में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं, जिससे पड़ोसी देश के लोगों का उन पर विश्वास और मजबूत होता है।

भाजपा ने जताई आपत्ति
भाजपा ने इस बयान की कड़ी निंदा की है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के उस बयान के जवाब में सौगत राय ने यह टिप्पणी की, जिसमें सिंह ने कहा था कि ममता बनर्जी बंगाल में बांग्लादेशियों को रोजगार उपलब्ध कराती हैं।

भाजपा नेता सजल घोष ने सौगत राय के बयान पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि इसमें कोई आश्चर्य नहीं है, क्योंकि ममता बनर्जी शुरू से ही जमात जैसे संगठनों की मददगार रही हैं। घोष ने आरोप लगाया कि सीमा के दोनों ओर कट्टरपंथी तत्व समान हैं और जब भी बांग्लादेश में कोई घटना होती है, ममता बनर्जी उनका स्वागत करती हैं।

सजल घोष ने यह भी दावा किया कि केवल बांग्लादेश ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान की संसद, वहां के नौकरशाह और पत्रकार भी भारत में अरुंधति राय और ममता बनर्जी का नाम अपनी पसंद और समर्थन के प्रतीक के रूप में लेते हैं।