गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के एक समूह को कुचल दिया, जिसमें सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।
लखतर पुलिस इंस्पेक्टर योगेश पटेल के अनुसार, यह हादसा लखतर-विरामगाम हाईवे पर रात करीब 1:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट के एक मंदिर में दर्शन के बाद बहुचराजी मंदिर की ओर पैदल यात्रा कर रहा था और जुलूस के रूप में आगे बढ़ रहा था।
इसी दौरान सुरेंद्रनगर के लखतर तालुका स्थित भास्करपारा गांव के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने श्रद्धालुओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही छह तीर्थयात्रियों और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, हालांकि उनकी संख्या की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।