कोलकाता। आगामी विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के युवाओं और बेरोजगारों को बड़ी राहत दी है। शनिवार को धर्मतल्ला में जारी धरना स्थल से ममता ने घोषणा की कि राज्य के 10वीं पास या उससे ऊपर के बेरोजगार युवाओं को तुरंत मासिक 1,500 रुपये का भत्ता दिया जाएगा।

बांग्ला युवा साथी योजना अब तत्काल लागू

इस पहल के तहत हाल ही में बजट में पेश बांग्ला युवा साथी योजना को अप्रैल के बजाय आज से ही लागू कर दिया गया है। योजना के तहत राज्य के ऐसे छात्र और युवा, जिन्होंने माध्यमिक परीक्षा पास की हो लेकिन अभी तक उन्हें नौकरी नहीं मिली हो, उन्हें प्रतिमाह 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।

भूमिहीन मजदूरों को भी मिलेगा लाभ

ममता ने बताया कि राज्य सरकार ने भूमिहीन खेत मजदूरों के लिए घोषित योजना को भी पहले से निर्धारित अप्रैल की जगह आज से शुरू करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने वादों को तुरंत पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कितने लोग लाभान्वित होंगे?

योजना के अनुसार 21 से 40 वर्ष के लगभग एक करोड़ युवाओं को यह वित्तीय सहायता दी जाएगी। ममता ने स्पष्ट किया कि यह भत्ता उन युवाओं और छात्रों को मिलेगा जो किसी अन्य सरकारी योजना के लाभार्थी नहीं हैं। इसे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए उपहार के रूप में पेश किया गया।

रोजगार और कौशल विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर में लगभग 40 प्रतिशत की गिरावट आई है। उन्होंने कौशल विकास कार्यक्रम उत्कर्ष बांग्ला का हवाला देते हुए बताया कि अब तक 40 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिनमें से 10 लाख को सीधे रोजगार मिला है।

ममता ने केंद्र सरकार पर बकाया फंड न मिलने का भी जिक्र किया और कहा कि छह लाख करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के बावजूद बंगाल की जीएसडीपी देश में शीर्ष पर है। उन्होंने राज्य में बनने वाले छह आर्थिक गलियारों, बीरभूम के देवचा पचामी कोयला ब्लॉक में एक लाख नौकरियों की संभावना और आइटी क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन का भी दावा किया।