दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के विस्तार और प्रस्तावित परियोजनाओं से राजधानी का मेट्रो नेटवर्क न केवल लंबाई में बढ़ेगा, बल्कि शहर का ट्रांजिट नक्शा भी नया रूप लेगा। उत्तर-पश्चिम, उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली को जोड़ने वाले नए कॉरिडोर के चलते अब यात्रियों को कई जगहों पर जाने के लिए केंद्रीय दिल्ली होकर गुजरने की जरूरत कम होगी, जिससे नेटवर्क अधिक प्रभावी और व्यापक बनेगा।

रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच नई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें दीपाली चौक (पीतमपुरा)–मजलिस पार्क 9.92 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर और मजलिस पार्क–मौजपुर 12.31 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर शामिल हैं। इसके अलावा तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी जाएगी।

दीपाली चौक–मजलिस पार्क कॉरिडोर

इस 9.92 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर पर सात स्टेशन होंगे: दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क। इसमें मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़ और मजलिस पार्क इंटरचेंज स्टेशन होंगे। यह विस्तार पीतमपुरा, प्रशांत विहार और भलस्वा जैसी जगहों को मजेंटा लाइन के माध्यम से सेंट्रल और दक्षिणी दिल्ली से जोड़ता है।

मजलिस पार्क–मौजपुर कॉरिडोर

12.31 किलोमीटर लंबे इस नए कॉरिडोर के जरिए बुराड़ी, जगतपुर, सोनिया विहार, भजनपुरा और खजूरी खास जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों को पहली बार बड़े पैमाने पर मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के बीच आवागमन तेज और सुविधाजनक होगा।

शहर का मेट्रो नक्शा बदलेगा

मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के बाद पीतमपुरा और प्रशांत विहार से दक्षिणी दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए यात्रा अब सीधी और कम समय में पूरी होगी। वहीं बुराड़ी, सोनिया विहार और भजनपुरा जैसे इलाकों में पहले बस या सड़क मार्ग पर निर्भरता अधिक थी, लेकिन अब ये सीधे मेट्रो से जुड़ सकेंगे। गोल्डन लाइन पर प्रस्तावित नए कॉरिडोर से नोएडा और फरीदाबाद से एयरपोर्ट तक की यात्रा भी आसान होगी।

केंद्रीय क्षेत्रों और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी

आरके आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर से सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अंतर्गत नौ स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, केंद्रीय सचिवालय, इंडिया गेट और भारत मंडपम शामिल हैं।
एरोसिटी–एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज कॉरिडोर से दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क पारंपरिक रेडियल मॉडल से आगे बढ़कर बहुदिशीय और संतुलित स्वरूप लेगा।

प्रमुख नए कॉरिडोर की जानकारी

कॉरिडोरलंबाईस्टेशन संख्यास्थिति
दीपाली चौक (पीतमपुरा)–मजलिस पार्क9.92 किमी7तैयार
मजलिस पार्क–मौजपुर12.31 किमी10तैयार
आरके आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ9.9 किमी9प्रस्तावित
एरोसिटी–एयरपोर्ट टर्मिनल-12.26 किमी2प्रस्तावित
तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज3.9 किमी3प्रस्तावित