तमिलनाडु: मुख्यमंत्री और पूर्व अभिनेता विजय अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 300 नई सरकारी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके बाद उनका एक अलग अंदाज देखने को मिला।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री विजय अचानक एक सरकारी बस में सवार हो गए और शहर के कुछ हिस्सों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बस के चालक और कंडक्टर से बातचीत की और उनके कामकाज के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री का यह सामान्य नागरिकों जैसा व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विजय कंडक्टर से लंबी बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में वह उनके साथ फोटो खिंचवाते हुए भी दिखाई दिए। यात्रा के दौरान उन्होंने ड्राइवर के कंधे पर हल्के से हाथ रखकर बातचीत की और रास्ते में लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान वे सफेद शर्ट और धूप के चश्मे में नजर आए।

यह पूरी पहल राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार के प्रयासों का हिस्सा बताई जा रही है। 300 नई बसों के शामिल होने से चेन्नई और अन्य क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

गौरतलब है कि विजय ने 2024 में अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ की शुरुआत की थी और इसके बाद हुए चुनावों में जीत हासिल की। उन्होंने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

राजनीति में आने से पहले विजय का फिल्मी करियर तीन दशकों से अधिक लंबा रहा है, जिसमें उन्होंने कई सफल और चर्चित फिल्मों में काम किया।