बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए उत्तराखंड के मसूरी पहुंचे, जहां उन्हें देखने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लाइब्रेरी चौक और माल रोड पर चल रही शूटिंग के दौरान माहौल पूरी तरह फिल्मी रंग में नजर आया।
जानकारी के मुताबिक, इमरान हाशमी अपनी आने वाली एक्शन फिल्म ‘गन मास्टर जी9’ की शूटिंग के लिए मसूरी पहुंचे हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा भी अहम भूमिका निभा रही हैं। बुधवार को टीम ने लाइब्रेरी चौक पर फिल्म के एक गाने की शूटिंग की, जिसके चलते पूरे इलाके में हलचल बढ़ गई।
शूटिंग की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। भीड़ के बीच कई प्रशंसक इमरान हाशमी की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए देर तक इंतजार करते दिखे। अभिनेता ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और शूटिंग के बीच समय निकालकर कई लोगों के साथ फोटो खिंचवाई।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शूटिंग स्थल पर पुलिस और प्रोडक्शन टीम ने पुख्ता इंतजाम किए थे, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और शूटिंग सुचारु रूप से चल सके। फैंस के लिए यह पल खास बन गया, क्योंकि उन्हें अपने पसंदीदा अभिनेता को बेहद करीब से देखने का मौका मिला।
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर आशीष कनौजिया ने बताया कि ‘गन मास्टर जी9’ का एक गाना मसूरी के लाइब्रेरी चौक और माल रोड पर फिल्माया गया है। उन्होंने कहा कि इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा पर यह गाना शूट किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मसूरी अब बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए एक पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है और लगातार फिल्म निर्माता यहां शूटिंग के लिए संपर्क कर रहे हैं।