नई दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर सहित कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश के साथ तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल के दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार लगभग 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और ओडिशा समेत करीब 20 राज्यों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

7 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 8 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में दो-तीन दौर की बारिश संभव

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 7 और 8 अप्रैल को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान दो से तीन बार बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।

कई राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान और ओडिशा में 7 से 9 अप्रैल के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई है।

इन राज्यों में ओलावृष्टि का खतरा

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।