कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी सोमवार से पूरे राज्य में चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। उनके साथ ही सांसद भतीजे और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी प्रचार में शामिल होंगे।
भवानीपुर में चुनाव प्रचार की रणनीति तय करेंगी ममता
प्रचार अभियान की शुरुआत से पहले ममता रविवार शाम अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर के कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगी। इस बैठक में ममता अपने क्षेत्र के चुनाव प्रचार की रणनीति को अंतिम रूप देंगी।
भवानीपुर में भाजपा से चुनौती
इस बार भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का सामना करना है। भाजपा द्वारा सुवेंदु को उतारे जाने से ममता को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है। पार्टी शीर्ष नेतृत्व इस सीट पर पूरी नजर रखे हुए है, ताकि चुनाव प्रचार में कोई कमी न रह जाए।
बैठक में कौन होंगे शामिल
भवानीपुर में रविवार को होने वाली बैठक में ममता बनर्जी के अलावा तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी, दक्षिण कोलकाता जिला अध्यक्ष देबाशीष कुमार, कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम और क्षेत्र के सभी सात पार्षद मौजूद रहेंगे। साथ ही सभी बूथों के कार्यकर्ताओं को भी बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
मतदान की तारीख और प्रचार का लक्ष्य
भवानीपुर में मतदान 28 अप्रैल को होगा। तृणमूल नेतृत्व का उद्देश्य चुनाव से पहले ममता के जनकल्याण और विकास कार्यों की जानकारी हर बूथ तक पहुंचाना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रविवार की बैठक से कार्यकर्ताओं को आगामी एक महीने के चुनाव प्रचार की दिशा-निर्देश स्पष्ट हो जाएंगे।