यूपी में खुलेंगे 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 1810 पदों पर होगी भर्ती

HIGHLIGHTS
- नए स्कूलों में 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 हाईस्कूल शामिल हैं।
- प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक समेत 1810 नियमित पद सृजित किए गए हैं।
- 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती और 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाएंगे।
यूपी: प्रदेश में 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया और पढ़ाई शुरू होगी। इससे पहले शासन ने इन स्कूलों के लिए प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, कनिष्ठ लिपिक समेत कुल 1810 पदों का सृजन कर दिया है। स्वीकृत पदों को सीधी भर्ती और पदोन्नति के जरिए भरा जाएगा।
प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत 68 राजकीय इंटर कॉलेज (बालक-बालिका) और 58 राजकीय हाईस्कूल समेत कुल 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का निर्माण और हस्तांतरण किया गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इन विद्यालयों के लिए प्रधानाचार्य के 68, प्रधानाध्यापक के 58, प्रवक्ता के 680, सहायक अध्यापक (एलटी) के 819 और कनिष्ठ सहायक के 185 नियमित पद सृजित किए हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, इन पदों में 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के जरिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से भरे जाएंगे। वहीं, बाकी 50 प्रतिशत पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे।
इन विद्यालयों में छठी और नवीं कक्षा में 80-80 विद्यार्थियों का प्रवेश लिया जाएगा। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
नए राजकीय इंटर कॉलेजों में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की पढ़ाई कराई जाएगी।
नए और हस्तांतरित विद्यालयों में बलरामपुर के सात, बाराबंकी के तीन, सुल्तानपुर के चार, अमेठी का एक, बहराइच के तीन, अयोध्या के दो, गोंडा का एक तथा सीतापुर, रायबरेली और लखनऊ के एक-एक विद्यालय शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.