'बंटवारा 1947': कनिका कपूर की कियारा आडवाणी से तुलना, पोस्टर देखकर फैंस हुए कन्फ्यूज

HIGHLIGHTS
- 'बंटवारा 1947' के पोस्टर रिलीज के बाद कनिका कपूर चर्चा में आईं
- अभिनेत्री ने बताया कि पहले भी उनके लुक को लेकर ऐसी प्रतिक्रियाएं मिल चुकी हैं
- कनिका ने कियारा से तुलना को लेकर अपनी बेबाक राय साझा की
नई दिल्ली। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई अभिनेत्रियों के चेहरे एक-दूसरे से मिलते-जुलते होने के कारण उनकी तुलना अक्सर होती रही है। अभिनेत्री स्नेहा उल्लाल की तुलना ऐश्वर्या राय और जरीन खान की तुलना कटरीना कैफ से की जा चुकी है।
अब इसी कड़ी में सीरियल 'एक-दूजे के वास्ते 2' और फिल्म 'दोनों' में नजर आ चुकीं अभिनेत्री कनिका कपूर का नाम भी जुड़ गया है। कनिका जल्द ही फिल्म 'बंटवारा 1947' में दिखाई देंगी।
पोस्टर देखकर लोगों ने कियारा समझ लिया
फिल्म का पोस्टर सामने आने के बाद कुछ लोगों ने कनिका कपूर को अभिनेत्री कियारा आडवाणी समझ लिया। वहीं, कई लोगों ने उनके चेहरे की समानता को लेकर उनकी तुलना कियारा से करनी शुरू कर दी। हालांकि, कनिका कपूर को इस तुलना से कोई परेशानी नहीं है।
कियारा समझने पर खूब हंसी थीं कनिका
कियारा आडवाणी से तुलना को लेकर कनिका कपूर ने कहा, "जब मैंने देखा कि पोस्टर में लोगों ने मुझे कियारा समझ लिया है, तो मैं बहुत हंसी। लोगों ने मेरी तुलना (कियारा से) पहले भी की है, लेकिन इतनी ज्यादा कभी नहीं। मैं तो बस हंस रही थी कि शायद जब वे फिल्म देखेंगे, तो उसमें कियारा को ढूंढेंगे, लेकिन वहां मुझे पाएंगे।"
तुलना से कोई परेशानी नहीं
कनिका कपूर का कहना है कि उन्हें इस तुलना से कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे इससे (तुलना) कोई समस्या नहीं है। लोगों ने मुझसे पहले ही बहुत कहा है कि मैं उनकी तरह दिखती हूं।"
अभिनेत्री ने बताया कि इससे पहले उनकी वेब सीरीज 'इमेच्योर सीजन 2' रिलीज होने के बाद भी लोगों ने उनकी तुलना कियारा आडवाणी से की थी।
'बंटवारा 1947' में दिखेंगी कनिका कपूर
बता दें कि राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म 'बंटवारा 1947' में कनिका कपूर के साथ सनी देओल, करण देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.