अस्मिता डे और गुलवीर सिंह बनेंगे राजपत्रित अधिकारी, यूपी के खिलाड़ियों को मिलेगी पुरस्कार राशि

HIGHLIGHTS
- अस्मिता डे को डेढ़ करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
- गुलवीर सिंह को दो पदकों के लिए कुल 1.25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
- सात खिलाड़ियों को पांच-पांच लाख रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने और हिस्सा लेने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी। शासनादेश के मुताबिक, स्वर्ण पदक जीतने वाली अस्मिता डे और गुलवीर सिंह को राजपत्रित अधिकारी बनाया जाएगा। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सात खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के तौर पर पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।
ग्लास्गो में जूडो में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाली अस्मिता डे को डेढ़ करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। यूपी पुलिस, गाजियाबाद में तैनात 23 वर्षीय अस्मिता को जूडो में प्रमोशन भी मिलेगा।
एथलेटिक्स में दो पदक जीतकर इतिहास बनाने वाले अलीगढ़ के गुलवीर सिंह को भी बड़ी पुरस्कार राशि दी जाएगी। 10 हजार मीटर में रजत पदक जीतने पर उन्हें 75 लाख रुपये और 5 हजार मीटर में कांस्य पदक हासिल करने पर 50 लाख रुपये दिए जाएंगे।
एथलेटिक्स की 10 किमी वॉक स्पर्धा में हिस्सा लेने वाली मेरठ की प्रियंका गोस्वामी, जौनपुर के जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव, मेरठ की एथलीट पारुल चौधरी, अलीगढ़ की एथलीट नीरू पाठक और आगरा के बॉक्सर आदित्य प्रताप यादव को पांच-पांच लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे।
इन खिलाड़ियों के सम्मान में जल्द समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे। इसी दौरान पदक विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी बनाए जाने की घोषणा भी की जाएगी।
गौरतलब है कि 23 जुलाई से दो अगस्त तक ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में स्पर्धाओं की संख्या घटाकर 10 कर दी गई थी। इसके मुकाबले 2022 में हुए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 19 स्पर्धाएं आयोजित हुई थीं। बर्मिंघम खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने चार रजत और चार कांस्य पदक हासिल किए थे।
बर्मिंघम में सीमा पुनिया, सरिता रोमित सिंह, रोहित यादव (एथलेटिक्स), पूनम यादव, पूर्णिमा पांडेय (वेटलिफ्टिंग) और विश्वनाथ यादव (तैराकी) ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री से समय मिलते ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों को शासनादेश के अनुसार पुरस्कार दिया जाएगा।
बर्मिंघम के पदक विजेता
| खिलाड़ी | खेल का नाम | उपलब्धि |
|---|---|---|
| प्रियंका गोस्वामी | एथलेटिक्स (10 किमी वॉक) | रजत |
| ललित उपाध्याय | हॉकी (टीम गेम) | रजत |
| मेघना सिंह | क्रिकेट (टीम गेम) | रजत |
| दीप्ति शर्मा | क्रिकेट (टीम गेम) | रजत |
| अन्नू रानी | एथलेटिक्स (जैवलिन थ्रो) | कांस्य |
| दिव्या काकरान | कुश्ती (फ्रीस्टाइल) | कांस्य |
| विजय यादव | जूडो | कांस्य |
| वंदना कटारिया | हॉकी (टीम गेम) | कांस्य |
ग्लास्गो के पदक विजेता
| खिलाड़ी | खेल का नाम | उपलब्धि |
| अस्मिता डे | जूडो | स्वर्ण |
| गुलवीर सिंह | एथलेटिक्स (दस हजार मीटर) | रजत |
| गुलवीर सिंह | एथलेटिक्स (पांच हजार मीटर) | कांस्य |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.