स्वतंत्रता दिवस से पहले BSF कैंप में घुसने की कोशिश, संदिग्ध गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- रायसिंहनगर स्थित 163वीं बटालियन के कैंप में प्रवेश का प्रयास किया गया।
- ड्यूटी पर तैनात जवानों ने संदिग्ध को मौके पर पकड़ लिया।
- पुलिस ने BSF की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
श्रीगंगानगर। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने रायसिंहनगर स्थित 163वीं बटालियन के कैंप में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। आरोपी बिना अनुमति कैंप की दीवार फांदकर अंदर जाने का प्रयास कर रहा था। उसके मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तानी नंबरों से कॉल और मैसेज के रिकॉर्ड सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
BSF की रिपोर्ट के आधार पर रायसिंहनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पूछताछ केंद्र (JIC) भी आरोपी से पूछताछ करेगा।
BSF की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:05 बजे गांव 02 एफएफ निवासी सुभाष चंदर पुत्र गोविंद राम BSF कैंप की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल होने का प्रयास कर रहा था। ड्यूटी पर मौजूद जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपी का रायसिंहनगर सीएचसी में मेडिकल कराया गया और उसे रायसिंहनगर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
मोबाइल जांच में पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क
प्रारंभिक पूछताछ और आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स की जांच में सामने आया कि वह पाकिस्तान के कंट्री कोड +92 वाले कई मोबाइल नंबरों के संपर्क में था। जांच के दौरान इन नंबरों पर कई बार कॉल और मैसेज किए जाने के प्रमाण मिले हैं।
आर्मी इंटेलिजेंस के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, आशंका है कि आरोपी BSF कैंप में प्रवेश कर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी या तस्वीरें पाकिस्तान भेजने का प्रयास कर सकता था। हालांकि, BSF जवानों ने समय रहते उसे पकड़ लिया।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
सूत्रों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
फिलहाल सभी सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं।
कॉल डिटेल्स में सामने आए संपर्क
- 14 नवंबर 2025, शाम 8:07 बजे: 923137972171 नंबर से इनकमिंग कॉल, जिसे रिसीव नहीं किया गया।
- 14 नवंबर 2025, शाम 8:35 बजे: 923014719956 नंबर पर आउटगोइंग कॉल, बातचीत 2 मिनट 3 सेकंड चली।
- 15 नवंबर 2025, शाम 8:37 बजे: 923067552208 नंबर पर आउटगोइंग कॉल, जिसे रिसीव नहीं किया गया।
- 16 नवंबर 2025, सुबह 9:32 बजे: 923435352751 नंबर से इनकमिंग कॉल, बातचीत 2 मिनट 18 सेकंड चली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.