होमवर्क में कलमा और फातिहा लिखने पर विवाद, हैदराबाद स्कूल ने शिक्षिका को हटाया

HIGHLIGHTS
- हैदराबाद के एक निजी स्कूल पर दूसरी कक्षा के छात्र को इस्लामिक प्रार्थनाएं सीखने के लिए होमवर्क देने का आरोप, अभिभावकों ने जताई आपत्ति।
- मामले के सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने जांच शुरू की और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से हटा दिया।
- विवाद के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ी, बीजेपी नेताओं ने स्कूल की कार्यप्रणाली की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
हैदराबाद में एक निजी स्कूल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले छह वर्षीय हिंदू छात्र के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि बच्चे को होमवर्क के रूप में इस्लामिक प्रार्थनाएं याद करने के निर्देश दिए गए थे। परिवार ने इस मामले में जांच की मांग की है।
माता-पिता का कहना है कि जब उनका बेटा स्कूल से घर लौटा तो उसकी होमवर्क डायरी में पहला और दूसरा कलमा तथा फातिहा पढ़ने से संबंधित निर्देश लिखे हुए थे। परिवार ने स्कूल प्रबंधन से इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी बच्चे को उसकी इच्छा के खिलाफ किसी अन्य धर्म से जुड़ी धार्मिक गतिविधि में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
पहले भी डायरी में लिखी गई थीं ऐसी बातें, परिवार का दावा
छात्र की आंटी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी बच्चे की डायरी में इसी तरह के निर्देश दिए गए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया। उन्होंने दावा किया कि शुरुआत में स्कूल की ओर से इसे सभी छात्रों के लिए जरूरी गतिविधि बताया गया था, लेकिन बाद में इसे गलती से हुई एंट्री बताया गया।
बीजेपी नेताओं ने की कार्रवाई की मांग
मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। बीजेपी नेताओं ने छात्र के परिवार से मुलाकात कर स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने आरोपों की निष्पक्ष जांच और स्कूल की गतिविधियों की समीक्षा की मांग उठाई है।
स्कूल ने शिक्षिका को हटाया
विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका शेख आयशा परवीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से हटा दिया। स्कूल की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि उन्हें भविष्य में संस्थान में नौकरी के लिए आवेदन करने से स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.