मुजफ्फरनगर में जमीन विवाद में फायरिंग, पूर्व गन्ना समिति संचालक की मौत; दो हिरासत में

HIGHLIGHTS
- सोमवार को कृषि यंत्र के रुपयों को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था।
- घटना के बाद एसएसपी संजय वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
- पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के नूरनगर गांव में तीन बीघा जमीन के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच घर के बाहर गली में फायरिंग हो गई। इस घटना में सीने में गोली लगने से तितावी गन्ना समिति के पूर्व संचालक कृष्णपाल (55) की मौत हो गई। चार राउंड फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी संजय वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के भाई पूर्व प्रधान दीपचंद और भतीजे अंशुल को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। देर रात तक दोनों से पूछताछ जारी रही।
नूरनगर गांव में दिवंगत महेंद्र सिंह के बेटे दीपचंद और उनके छोटे भाई गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन कृष्णपाल के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को साझा कृषि यंत्र के रुपयों को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग शुरू हो गई।
फायरिंग के दौरान कृष्णपाल को सीने में गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें पुरकाजी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष से दीपचंद और उनका बेटा अंशुल भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर एसएसपी, सीओ सदर राजू कुमार साव और पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। दोनों किस परिस्थिति में घायल हुए, इसकी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
समझौते के बाद भी बनी रही विवाद की स्थिति
बताया गया कि कुछ दिन पहले हुए जमीन बंटवारे को लेकर रिश्तेदारों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। पूर्व प्रधान दीपचंद के बेटे दिवंगत सुनील कुमार के नाम दर्ज तीन बीघा जमीन कृष्णपाल को दी गई थी।
इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर समय-समय पर कहासुनी होती रहती थी। सोमवार को कृषि यंत्र के किराये के पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में जमीन के मुद्दे तक पहुंच गया। कुछ ही देर में मामला बढ़ा और दोनों ओर से फायरिंग हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.